Adityapur News: आदित्यपुर में दुर्गा पूजा से पहले सार्वजनिक जगहों पर शराब पीने वालों के खिलाफ जिला उत्पाद विभाग ने अभियान चलाया. देर शाम हुई इस कार्रवाई में सड़कों और मैदानों में शराब पी रहे लोगों को हटाया गया. वहीं, भाटिया बस्ती से एक बिक्री केंद्र संचालक को गिरफ्तार किया गया.
कई चौक-चौराहों पर हुई जांच
उत्पाद विभाग की टीम ने शेरे पंजाब चौक, आरआईटी मोड़, इमली चौक, श्रीडूंगरी, भाटिया बस्ती, केडिया चौक, लाल बिल्डिंग और बिको मोड़ पर जांच की. इस दौरान होटल और खाद्य स्टॉल संचालकों को सख्त हिदायत दी गई. उनसे कहा गया कि अपने प्रतिष्ठानों के आसपास शराब पीने और लोगों के जमावड़े पर रोक लगाएं.
नियम तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक जगहों पर शराब पीने और लोगों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा. उपायुक्त ने नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही है. साथ ही, लोगों से अपील की गई है कि ऐसी अवैध गतिविधियों की जानकारी तुरंत प्रशासन को दें.


