Adityapur News: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर स्थित माझी टोला के संजय नगर में मंगलवार अहले सुबह एक संदिग्ध व्यक्ति के घर में घुसने की घटना सामने आई है. महिला के मुताबिक, उसके शरीर पर ग्रीस लगा था और चेहरे पर नीला कपड़ा बंधा हुआ था. घटना सुबह करीब 4:30 बजे की बताई जा रही है. महिला के शोर मचाने पर संदिग्ध छत के रास्ते भाग निकला. दावा किया जा रहा है कि पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है.
छत के रास्ते कमरे में घुसा संदिग्ध
जानकारी के अनुसार, महिला एक किराए के मकान में रहती है और नवरात्रि का व्रत रख रही है. घटना के समय वह कमरे में अकेली सो रही थी. उसका पति और बच्चा घर के बाहर चौकी पर सोए हुए थे. इसी दौरान संदिग्ध छत के रास्ते कमरे में दाखिल हुआ. महिला के अनुसार, वह बिना कपड़ों के कमरे में आया और दरवाजा भिड़ाकर मोबाइल उठाने लगा.
महिला की खुली नींद, मचाया शोर
कमरे में हलचल होने पर महिला की नींद खुल गई. सामने अनजान व्यक्ति को देखकर उसने शोर मचाना शुरू कर दिया. इसके बाद संदिग्ध छत के रास्ते फरार हो गया. घटना के बाद आसपास के लोगों में भी चिंता बढ़ गई है.
सीसीटीवी फुटेज से पहचान की उम्मीद
बताया जा रहा है कि घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है. अब संदिग्ध की पहचान और घर में घुसने के पीछे के मकसद को लेकर सवाल उठ रहे हैं. हालांकि, मामले में पुलिस की आधिकारिक पुष्टि और आगे की कार्रवाई की जानकारी फिलहाल स्पष्ट नहीं है.


