Mango Theft Case: जमशेदपुर पुलिस ने मानगो और ओलीडीह थाना क्षेत्र में एक ही रात 12 दुकानों में हुई सिलसिलेवार चोरी की वारदात का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी में इस्तेमाल किए गए औजार और चोरी का सामान भी बरामद किया है। पूछताछ के दौरान सभी आरोपियों ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और चोरी के बाकी सामान की बरामदगी के लिए जांच में जुटी हुई है।
पुलिस के अनुसार, 11 और 12 जुलाई की मध्यरात्रि मानगो और ओलीडीह क्षेत्र की 12 दुकानों का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया था। चोरों ने जगदंबा होटल के समीप स्थित गुप्ता इलेक्ट्रिक, आटा चक्की, फल दुकान, सुमन स्टोर सहित मानगो थाना क्षेत्र के वैभव लक्ष्मी मेडिकल, शिव स्टोर, गीतांजली स्टोर और अन्य दुकानों को निशाना बनाया। घटना के बाद प्रभावित दुकानदारों की शिकायत पर ओलीडीह ओपी में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर के नेतृत्व तथा पटमदा डीएसपी दयानंद कुमार की निगरानी में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। लगातार छापेमारी और तकनीकी जांच के बाद पुलिस ने शंकर हेम्ब्रम, मुकदर सामद, गौतम हेम्ब्रम उर्फ डाडू और विक्की मुखी को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपी ओलीडीह थाना क्षेत्र के निवासी हैं।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने मानगो और ओलीडीह क्षेत्र की 12 दुकानों में चोरी करने की बात स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी में इस्तेमाल किया गया लोहे का चापड़, लोहे का रॉड (साबल), चैन पुली तथा चोरी की एक सिलाई मशीन बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी शंकर हेम्ब्रम के खिलाफ पहले से चोरी के दो मामले दर्ज हैं। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान करने और चोरी के शेष सामान की बरामदगी के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है। मामले की जानकारी पटमदा डीएसपी दयानंद कुमार ने दी।


