Jamshedpur News: जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना क्षेत्र के हरहरगुट्टू बड़ा तालाब में नहाने के दौरान गोपाल सिंह की डूबने से मौत हो गई. बुधवार को हुए इस हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है. गोपाल अपने परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य थे. करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस और मछुआरों की मदद से उन्हें तालाब से बाहर निकाला गया. परिजन उन्हें खासमहल सदर अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.
नहाने के दौरान गहरे पानी में डूबे
मृतक के भाई मनीष सिंह के अनुसार, गोपाल बुधवार सुबह करीब 11.30 बजे घर के पास स्थित तालाब में नहाने गए थे. इसी दौरान वह गहरे पानी में डूबने लगे. घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी. इसके बाद पुलिस टीम और मछुआरे मौके पर पहुंचे. काफी प्रयास के बाद गोपाल को तालाब से बाहर निकाला गया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी.
परिवार में पसरा मातम
गोपाल सिंह की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया. उनकी पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है. उनके तीन बच्चे हैं और परिवार की जिम्मेदारी उन्हीं पर थी. गोपाल जुगसलाई स्थित एक चाउमीन फैक्ट्री में काम करते थे. उनकी मौत से परिवार के सामने दुख के साथ आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है.
पुलिस ने शुरू की आगे की कार्रवाई
थाना प्रभारी ने बताया कि तालाब में डूबने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी. हालांकि, गोपाल को बचाया नहीं जा सका. गुरुवार को शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है.


