Jamshedpur News: जमशेदपुर के मानगो स्थित नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी (NSU) में यूनिफॉर्म को लेकर विवाद बढ़ गया है. आरोप है कि कैंपस से महंगी यूनिफॉर्म नहीं खरीदने पर एक छात्र को यूनिवर्सिटी से बाहर कर दिया गया. यूनिफॉर्म के साथ किताबें और अन्य शैक्षणिक सामग्री भी कैंपस से ही खरीदने के कथित दबाव पर सवाल उठ रहे हैं. मामले को लेकर ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन (AISF) ने यूनिवर्सिटी परिसर में प्रदर्शन किया. संगठन ने इस मामले की जांच कराने और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग उठाई है.
DEO और DC से मिलेगा संगठन
AISF अब जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) और उपायुक्त (DC) से मुलाकात करेगा. संगठन अधिकारियों के सामने पूरा मामला रखकर जांच और कार्रवाई की मांग करेगा. फिलहाल यूनिवर्सिटी प्रबंधन का पक्ष सामने नहीं आया है. ऐसे में आरोपों की पुष्टि और पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट होने का इंतजार है.


