Jamshedpur News: टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क में तीन नन्हें बाघ शावकों के आने से खुशी का माहौल है. बाघिन सुनैना ने 14 अक्टूबर को तीन शावकों को जन्म दिया. इनमें दो मादा और एक नर शावक है. अब इन तीनों के नाम रखने का मौका आम लोगों को मिला है. चिड़ियाघर प्रबंधन ने नागरिकों से नाम के सुझाव मांगे हैं. इसके लिए 19 अक्टूबर तक नाम भेजे जा सकते हैं.
रुद्र है तीनों शावकों का पिता
चिड़ियाघर प्रबंधन के मुताबिक, तीनों शावकों के पिता का नाम रुद्र है. उसे नागपुर के गोरेवाड़ा रेस्क्यू सेंटर से टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क लाया गया था. पशु चिकित्सकों की शुरुआती जांच और देखभाल के बाद शावकों के जन्म की जानकारी सार्वजनिक की गई.
एक शावक को लगी थी हल्की चोट
पहली बार मां बनी सुनैना से अनजाने में एक मादा शावक को हल्की चोट लग गई थी. जू की पशु चिकित्सा टीम ने तुरंत इलाज करते हुए उसके घाव पर टांके लगाए. प्रबंधन के अनुसार, अब शावक की हालत में तेजी से सुधार हो रहा है. उसका वजन करीब 1.8 किलोग्राम है. फिलहाल उसे चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया है. वहीं, दूसरे मादा शावक का वजन लगभग 2.53 किलोग्राम और नर शावक का वजन करीब 2.9 किलोग्राम है. दोनों स्वस्थ बताए गए हैं. तीनों शावकों की निगरानी पशु चिकित्सकों के साथ सीसीटीवी कैमरों के जरिए भी की जा रही है.
तीन नाम भेजने होंगे, ऐसे करें आवेदन
टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क ने तीनों शावकों के नामकरण के लिए सुझाव आमंत्रित किए हैं. इसमें हिस्सा लेने वाले लोगों को प्रत्येक शावक के लिए एक नाम, यानी कुल तीन नाम भेजने होंगे. नाम व्हाट्सऐप या संदेश के माध्यम से इस नंबर पर भेजे जा सकते हैं: मोबाइल नंबर: +91 9438291637 नाम भेजने की अंतिम तारीख 19 अक्टूबर है.
चुने गए विजेताओं को मिलेगा सम्मान
जू प्रबंधन की ओर से गठित पैनल सभी सुझावों में से तीन बेहतरीन नाम चुनेगा. चयनित विजेताओं को मानद प्रवेश पास और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया जाएगा. प्रबंधन ने शहर के लोगों से इस पहल में भाग लेने की अपील की है. इसका उद्देश्य लोगों को वन्यजीव संरक्षण से जोड़ना और उन्हें चिड़ियाघर के इस खास मौके का हिस्सा बनाना है.


