Jamshedpur News: जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस की गश्ती टीम ने ATM तोड़ने की कोशिश कर रहे एक युवक को पकड़ लिया. घटना जेपी रोड स्थित हरहरगुट्टू की है. पुलिस ने युवक को मौके पर ही दबोच लिया. उसके पास से लोहे की रॉड भी बरामद की गई है.
लोहे की रॉड से ATM पर किया हमला
जानकारी के मुताबिक, बीती रात पुलिस की टीम जेपी रोड स्थित फिंडी ATM के पास गश्त कर रही थी. इसी दौरान बूथ के अंदर से आवाज सुनाई दी. पुलिसकर्मी जब अंदर पहुंचे, तो एक युवक लोहे की भारी रॉड से ATM मशीन को तोड़ने की कोशिश कर रहा था. इस दौरान मशीन को नुकसान भी पहुंच चुका था. पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए युवक को पकड़ लिया और रॉड जब्त कर ली.
हरहरगुट्टू का रहने वाला है युवक
पुलिस आरोपी को थाने ले गई. पूछताछ में उसने अपना पता शिव मंदिर, हरहरगुट्टू के पीछे बताया है. वह बागबेड़ा थाना क्षेत्र का रहने वाला है.
नुकसान का आकलन कर रही पुलिस
घटना की जानकारी संबंधित ATM फ्रेंचाइजी के अधिकारियों को दे दी गई है. अधिकारियों को मौके पर बुलाकर मशीन को हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि युवक अकेले इस घटना को अंजाम दे रहा था या उसके साथ कोई और भी शामिल था.


