Jamshedpur News: पुरी में मां की हत्या कर रसोई में दफनाने का आरोपी जमशेदपुर से गिरफ्तार, 57 दिन से था फरार

Jamshedpur News: ओडिशा के पुरी में अपनी मां की हत्या कर शव को घर की रसोई में दफनाने के आरोपी को पुलिस ने जमशेदपुर से गिरफ्तार किया है. आरोपी 57 दिनों से फरार था. उसकी पहचान 40 वर्षीय मदन गजानन दलेई के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक, वह

Facebook
X
WhatsApp
Jamshedpur News: पुरी में मां की हत्या कर रसोई में दफनाने का आरोपी जमशेदपुर से गिरफ्तार, 57 दिन से था फरार

Jamshedpur News: ओडिशा के पुरी में अपनी मां की हत्या कर शव को घर की रसोई में दफनाने के आरोपी को पुलिस ने जमशेदपुर से गिरफ्तार किया है. आरोपी 57 दिनों से फरार था. उसकी पहचान 40 वर्षीय मदन गजानन दलेई के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक, वह टाटानगर रेलवे स्टेशन के पास एक नाश्ते की दुकान पर मजदूरी कर रहा था. गिरफ्तारी के बाद पुरी पुलिस उसे अपने साथ ले गई.

सीसीटीवी और मोबाइल लोकेशन से मिला सुराग
पुरी के पुलिस अधीक्षक प्रतीक सिंह के अनुसार, आरोपी की तलाश में सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और कॉल रिकॉर्ड की जांच की गई. इसी दौरान उसके जमशेदपुर लौटने की जानकारी मिली. इसके बाद कुंभारपाड़ा थाने की पुलिस टीम जमशेदपुर पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया.

रसोई के फर्श के नीचे मिला था शव
यह मामला 24 अगस्त को सामने आया था. पुरी में मदन अपनी मां अन्नपूर्णा दलेई के साथ किराये के मकान में रहता था. मकान मालकिन मनोरमा साहू ने एक बंद कमरे से तेज दुर्गंध आने की सूचना पुलिस को दी थी. इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की. जांच के दौरान रसोई के फर्श पर सीमेंट की नई परत दिखाई दी. शक होने पर जब वहां खुदाई कराई गई, तो नीचे से एक महिला का शव मिला. उसकी पहचान अन्नपूर्णा दलेई के रूप में हुई. पुलिस के मुताबिक, शव को छिपाने के लिए उसके ऊपर कंक्रीट की परत बिछाई गई थी.

बाजार से खरीदा था बालू और सीमेंट
शुरुआती जांच में पुलिस ने आशंका जताई थी कि अन्नपूर्णा की मौत 20 अगस्त के आसपास हुई. जांच में यह भी पता चला कि मदन ने 21 अगस्त को बाजार से बालू और सीमेंट खरीदा था. पुलिस अधीक्षक के अनुसार, मां-बेटे पिछले पांच से छह महीने से उस मकान में रह रहे थे. आसपास के लोगों से उनका ज्यादा मेलजोल नहीं था. सीसीटीवी फुटेज की जांच में सामने आया कि दोनों दिनभर जगन्नाथ मंदिर के पास बैठकर भीख मांगते थे. वे सुबह घर से निकलते और रात करीब 11 बजे लौटते थे.

कई राज्यों में पुलिस ने की थी तलाश
वारदात के बाद से मदन की तलाश में पुरी पुलिस ने ओडिशा के गजपति जिले के अलावा तमिलनाडु और महाराष्ट्र समेत कई जगहों पर छापेमारी की थी. आरोपी की गिरफ्तारी के लिए इनाम भी घोषित किया गया था. पुलिस के मुताबिक, आरोपी बहुत कम डिजिटल साक्ष्य छोड़ रहा था. इस वजह से उसकी तलाश में परेशानी हो रही थी. इसी बीच पुलिस को उसके जमशेदपुर में होने की सूचना मिली. इसके बाद टाटानगर स्टेशन के पास एक नाश्ते की दुकान से उसे पकड़ लिया गया.

मौत की वजह जानने के लिए जांच जारी
पुलिस का कहना है कि पूछताछ में मदन ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है. हालांकि, अन्नपूर्णा की मौत की वास्तविक वजह और वारदात को किस तरह अंजाम दिया गया, इसका पता लगाने के लिए जांच जारी है.

TAGS
digitalwithsandip.com