Jamshedpur Crime News: जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह मोबाइल की ईएमआई को लेकर विवाद हो गया. मुंशी मोहल्ला स्थित फ्रेंड्स मोबाइल स्टोर में 6 से 7 नकाबपोश युवक घुस आए. आरोप है कि उन्होंने दुकान में तोड़फोड़ की और मालिक नसीम हुसैन के साथ मारपीट की. दुकानदार ने युवकों पर गले से करीब 60 हजार रुपये चोरी करने का भी आरोप लगाया है. घटना के दौरान एक युवक को पकड़ लिया गया, जबकि बाकी मौके से फरार हो गए.
मोबाइल की किस्त को लेकर शुरू हुआ विवाद
नसीम हुसैन के मुताबिक, एक युवक ने बजाज फाइनेंस के जरिए किस्त पर मोबाइल खरीदा था. लेकिन उसने पहले महीने से ही ईएमआई जमा नहीं की. दुकानदार पिछले करीब 15 दिनों से फोन कर उससे किस्त जमा करने को कह रहे थे. सोमवार सुबह उन्होंने युवक को दुकान के बाहर से गुजरते देखा और रोककर पैसे मांगे. आरोप है कि युवक ने कुछ देर बाद पैसे देने की बात कही. इसके बाद वह 6 से 7 युवकों के साथ दुकान पहुंचा. सभी ने अपने चेहरे ढक रखे थे.
दुकान में तोड़फोड़ और मारपीट का आरोप
दुकानदार का कहना है कि उन्होंने युवकों को रोकने और वहां से हटाने की कोशिश की. इस दौरान उनके साथ मारपीट की गई और दुकान में तोड़फोड़ की गई. इसी बीच उनके गले से करीब 60 हजार रुपये चोरी कर लिए गए. घटना के दौरान एक युवक को पकड़ लिया गया. उसे मानगो थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया है. घटना की जानकारी मानगो थाना पुलिस को दे दी गई है. फिलहाल, मामले में पुलिस की कार्रवाई और पकड़े गए युवक से पूछताछ के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है.


