Jamshedpur Crime News: जमशेदपुर के स्टेशन रोड के पास संकटा पेट्रोल पंप के नजदीक सोमवार सुबह करीब 11 बजे दिनदहाड़े मोबाइल छीनतई की घटना सामने आई. बताया जा रहा है कि एक युवक के पास बाइक सवार दो बदमाश पहुंचे. बाइक पर पीछे बैठे युवक ने अचानक युवक से मोबाइल छीन लिया. मोबाइल छीनने के बाद दोनों बदमाश घोड़ाबांधा की ओर फरार हो गए.
पीसीआर गाड़ी के पास हुई वारदात
घटना के बाद आसपास के लोगों में नाराजगी देखने को मिली. स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में दिनदहाड़े मोबाइल छीनतई जैसी घटनाएं हो रही हैं. लोगों ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं. स्थानीय लोगों के मुताबिक, जिस जगह मोबाइल छीनतई की वारदात हुई, वहां से कुछ ही दूरी पर पीसीआर की गाड़ी खड़ी थी. इसके बावजूद बाइक सवार बदमाश वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए.
पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि जब पुलिस की गाड़ी आसपास मौजूद रहती है, तब भी बदमाश दिनदहाड़े ऐसी घटना को अंजाम दे रहे हैं. लोगों का सवाल है कि आखिर अपराधियों के हौसले इतने बुलंद कैसे हैं. स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से इलाके में गश्त बढ़ाने और दिनदहाड़े होने वाली छीनतई की घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की है. लोगों का कहना है कि शहर में बैंक डकैती, चोरी और मोबाइल छीनतई जैसी घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस को और सक्रिय होने की जरूरत है.


