Jamshedpur Crime News: जमशेदपुर के बिरसानगर में पुलिस ने ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई की है. जोन नंबर तीन में छापेमारी कर पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के पास से 5.07 ग्राम ब्राउन शुगर, 29 पुड़िया, एक मोबाइल फोन और 1,300 रुपये नकद बरामद किए हैं. पुलिस के अनुसार, तीनों पहले भी चोरी और ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री के मामलों में जेल जा चुके हैं.
गुप्त सूचना पर सृष्टि गार्डेन के पास छापेमारी
पुलिस के मुताबिक, 22 अक्टूबर की शाम सूचना मिली थी कि बिरसानगर के जोन नंबर तीन स्थित सृष्टि गार्डेन के आसपास कुछ युवक ब्राउन शुगर बेच रहे हैं. इसके बाद पुलिस ने मौके पर छापेमारी की और तीनों को पकड़ लिया. यह कार्रवाई वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने की. टीम का नेतृत्व पुलिस उपाधीक्षक नगर कर रहे थे.
आदित्यपुर से खरीदकर करते थे बिक्री
गिरफ्तार युवकों की पहचान रोशन मुंडा उर्फ गुंडा, विकास दास और आकाश दास के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे आदित्यपुर से ब्राउन शुगर खरीदते थे. इसके बाद बिरसानगर समेत दूसरे थाना क्षेत्रों में इसकी बिक्री करते थे. छापेमारी के दौरान पुलिस ने ब्राउन शुगर की 29 पुड़िया, पोको कंपनी का एक मोबाइल फोन और 1,300 रुपये नकद भी जब्त किए.
तीनों का पहले भी रहा है आपराधिक इतिहास
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, तीनों आरोपियों के खिलाफ पहले भी चोरी और मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री से जुड़े मामले दर्ज हैं. पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. त्योहारों के मद्देनजर जमशेदपुर पुलिस शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने और नशे के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए अभियान चला रही है. बिरसानगर में हुई यह कार्रवाई इसी अभियान का हिस्सा है.


