Adityapur Crime News: आदित्यपुर कृषि विज्ञान केंद्र में मिले शव का खुलासा, वेतन के 11 हजार रुपये के लिए हत्या, तीन गिरफ्तार

Adityapur Crime News: आदित्यपुर थाना क्षेत्र के कृषि विज्ञान केंद्र (KVK) परिसर में मिले रघु महतो के शव के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, वेतन के पैसे लूटने के लिए मृतक के साथियों ने उसकी हत्या की थी.

Facebook
X
WhatsApp
Adityapur Crime News: आदित्यपुर कृषि विज्ञान केंद्र में मिले शव का खुलासा, वेतन के 11 हजार रुपये के लिए हत्या, तीन गिरफ्तार

Adityapur Crime News: आदित्यपुर थाना क्षेत्र के कृषि विज्ञान केंद्र (KVK) परिसर में मिले रघु महतो के शव के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, वेतन के पैसे लूटने के लिए मृतक के साथियों ने उसकी हत्या की थी. पुलिस ने आरोपियों के पास से मृतक का मोबाइल, उसकी शर्ट और 11 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं. हत्या में इस्तेमाल किया गया कपड़ा भी जब्त किया गया है.

शराब पिलाकर की मारपीट, फिर गला घोंटकर हत्या
सरायकेला के पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गीयारी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि मंगलवार को कृषि विज्ञान केंद्र परिसर में एक अज्ञात शव मिलने की सूचना मिली थी. जांच के दौरान मृतक की पहचान शांतिनगर निवासी रघु महतो के रूप में हुई. मृतक की पत्नी दुखनी महतो की शिकायत पर पुलिस ने हत्या और साक्ष्य छिपाने के मामले में जांच शुरू की.

पुलिस के मुताबिक, रघु महतो और तीनों आरोपी एक ही बड़ी कंपनी में काम करते थे. आरोप है कि पहले रघु को शराब पिलाई गई और फिर उसके साथ मारपीट की गई. इसके बाद उसे घायल अवस्था में कृषि विज्ञान केंद्र परिसर ले जाया गया. पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने मृतक के कपड़े से ही उसका गला घोंट दिया और मोबाइल फोन व पैसे लेकर चले गए.

गिरफ्तार आरोपियों के नाम
इस मामले में पुलिस ने शंकर सरदार (30 वर्ष), रवि महतो (32 वर्ष) और भीम महतो (35 वर्ष) को गिरफ्तार किया है. तीनों आदित्यपुर थाना क्षेत्र के शांतिनगर के रहने वाले हैं. शंकर सरदार शांतिनगर की हरि मंदिर गली नंबर-1, रवि महतो गली नंबर-7 और भीम महतो गली नंबर-3 में रहता है.

मोबाइल, कपड़ा और 11 हजार रुपये बरामद
पुलिस ने मृतक का एंड्रॉयड मोबाइल, उसकी शर्ट और 11 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं. इसमें 500 रुपये के 22 नोट शामिल हैं. इसके अलावा तीनों आरोपियों के एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं.

एसडीपीओ के नेतृत्व में हुई जांच
पुलिस अधीक्षक के अनुसार, एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी. मानवीय और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले का खुलासा किया गया. छापेमारी टीम में आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार, पुअनि विश्वजीत कुमार तिवारी, पुअनि हिरालाल कुमार, सअनि धर्मराज कुमार और टाइगर मोबाइल के जवान शामिल थे.

TAGS
digitalwithsandip.com