Jharkhand Police Social Media Cell: झारखंड पुलिस अपने सोशल मीडिया और मीडिया सेल को और मजबूत करने की तैयारी में है. इसके लिए पुलिस मुख्यालय ने तकनीकी रूप से योग्य दारोगाओं को मीडिया सेल में तैनात करने का फैसला लिया है. मुख्यालय ने सब-इंस्पेक्टर स्तर के उन पुलिस अधिकारियों से स्वेच्छा आवेदन मांगे हैं, जिनके पास MCA, M.Tech या B.Tech जैसी तकनीकी डिग्री है.
विशेष मीडिया सेल में होगी तैनाती
पुलिस मुख्यालय के विशेष मीडिया सेल में तकनीकी योग्यता रखने वाले सब-इंस्पेक्टरों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी. इसके लिए इच्छुक दारोगाओं से आवेदन मांगा गया है. मुख्यालय ने संबंधित अधिकारियों को आवेदनों की पूरी सूची तैयार कर जल्द उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है.
सोशल मीडिया पर रहेगी नजर
इस पहल का मकसद सोशल मीडिया पर चल रही गतिविधियों की बेहतर तरीके से निगरानी करना है. सोशल मीडिया पर फेक न्यूज, साइबर अपराध या भ्रामक जानकारी सामने आने पर पुलिस तेजी से कार्रवाई कर सकेगी. इसके लिए तकनीकी समझ रखने वाले पुलिस अधिकारियों की मदद ली जाएगी.
डिजिटल पुलिसिंग को मिलेगी मजबूती
आज के समय में सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म सूचना के बड़े माध्यम बन चुके हैं. ऐसे में पुलिस के लिए डिजिटल स्पेस पर सक्रिय रहना भी जरूरी हो गया है. तकनीकी डिग्री वाले पुलिस अधिकारियों की तैनाती से मीडिया सेल को मजबूत करने में मदद मिलने की उम्मीद है. इसके साथ ही सोशल मीडिया मॉनिटरिंग और साइबर स्पेस में पुलिसिंग को भी बेहतर बनाने की दिशा में यह कदम अहम माना जा रहा है.


