Jamshedpur News: जमशेदपुर में केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने एसआईआर प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधा. उन्होंने कांग्रेस के आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि पार्टी चुनाव आयोग और संवैधानिक संस्थाओं के खिलाफ लोगों में भ्रम फैलाने की कोशिश कर रही है. गुरुवार को जमशेदपुर पहुंचीं अन्नपूर्णा देवी ने एसआईआर के विरोध में कांग्रेस के आंदोलन पर सवाल उठाए. उन्होंने आरोप लगाया कि विरोध प्रदर्शन के जरिए जनता को गुमराह करने और देश में अस्थिरता का माहौल बनाने का प्रयास किया जा रहा है.
22 अक्टूबर से भाजपा चलाएगी अभियान
अन्नपूर्णा देवी ने बताया कि भाजपा 22 अक्टूबर से 5 नवंबर तक एसआईआर के समर्थन में अभियान चलाएगी. इसके तहत युवाओं से लेकर बुजुर्गों तक को इस प्रक्रिया की महत्ता बताई जाएगी. उन्होंने कहा कि भाजपा कांग्रेस के आरोपों पर अपना पक्ष जनता के सामने रखेगी. केंद्रीय मंत्री ने कांग्रेस पर एसआईआर को लेकर भ्रम फैलाने का आरोप भी लगाया.
चुनाव हारने पर आयोग पर सवाल उठाने का आरोप
अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि देश में पहले भी आठ बार एसआईआर की प्रक्रिया हो चुकी है. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस जब किसी राज्य में चुनाव जीतती है, तब चुनाव आयोग पर सवाल नहीं उठाती. लेकिन चुनाव हारने के बाद आयोग पर आरोप लगाने लगती है. उन्होंने कांग्रेस के चुनाव आयोग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन पर भी सवाल उठाए और इसे जनता को गुमराह करने की कोशिश बताया.
इंदिरा गांधी के आपातकाल का किया जिक्र
केंद्रीय मंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के कार्यकाल में लगाए गए आपातकाल का जिक्र किया. उन्होंने कांग्रेस पर संविधान और संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने का आरोप लगाया. अन्नपूर्णा देवी ने राहुल गांधी को नसीहत देते हुए कहा कि उन्हें विदेशों में देश की आलोचना करने के बजाय देश के विकास के लिए सुझाव देने चाहिए.
99 सांसदों के इस्तीफे की कही बात
अन्नपूर्णा देवी ने चुनाव प्रक्रिया पर कांग्रेस के सवालों को लेकर कहा कि यदि पार्टी को चुनाव प्रक्रिया पर इतना ही अविश्वास है, तो उसके 99 सांसदों को पहले इस्तीफा देना चाहिए. केंद्रीय मंत्री ने एक बार फिर कांग्रेस पर लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति अविश्वास फैलाने का आरोप लगाया.


