Adityapur News: आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित जियाडा भवन के बाहर फास्ट फूड ठेले पर हुई चाकूबाजी में एक व्यक्ति की मौत के बाद पुलिस ने सख्त कदम उठाया है. गुरुवार को अभियान चलाकर परिसर के बाहर और आसपास सड़क किनारे लगे सभी फास्ट फूड ठेलों को हटवा दिया गया. यह कार्रवाई आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार के नेतृत्व में की गई. पुलिस ने ठेला संचालकों को जगह खाली करने का निर्देश दिया. साथ ही दोबारा ठेला लगाने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी.
दोबारा ठेला लगाने पर होगी कार्रवाई
थाना प्रभारी अंजनी कुमार ने कहा कि जियाडा भवन एक महत्वपूर्ण सरकारी कार्यालय है. यहां हर दिन बड़ी संख्या में लोगों का आना-जाना होता है. उनके मुताबिक, भवन के बाहर अवैध ठेले लगने से अतिक्रमण बढ़ रहा था. वहां असामाजिक तत्वों का जमावड़ा भी होने की बात कही गई. थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि अब इस क्षेत्र में फास्ट फूड ठेले लगाने की अनुमति नहीं होगी. आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अतिक्रमण और कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
मामूली विवाद के बाद हुई थी चाकूबाजी
बताया जाता है कि कुछ दिन पहले एक फास्ट फूड ठेले पर दो पक्षों के बीच कहासुनी हुई थी. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और चाकूबाजी शुरू हो गई. इस घटना में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया था. इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. घटना के बाद इलाके के लोगों और कर्मचारियों में डर का माहौल था. पुलिस इस मामले में आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है. अब ऐसी घटना दोबारा न हो, इसके लिए ठेले हटाने की कार्रवाई की गई है.
स्थानीय लोगों ने कार्रवाई का किया स्वागत
पुलिस के इस अभियान को स्थानीय लोगों ने सही कदम बताया है. प्रशासन का कहना है कि क्षेत्र में व्यवस्था बनाए रखने और ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सख्ती बरती जाएगी.


