West Singhbhum News: झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की जान चली गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसा हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र में कुदापी डाउन के पास हुआ. जानकारी के अनुसार, सभी लोग एक ही परिवार के सदस्य थे और कार से छत्तीसगढ़ से जमशेदपुर जा रहे थे. इसी दौरान उनकी कार सामने से आ रहे एक ट्रेलर से टकरा गई.
टक्कर से कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त
ट्रेलर से टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.
घायलों की हालत चिंताजनक
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव का काम शुरू किया. स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया. उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है. पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. फिलहाल दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है.


