Jamshedpur Tribute Event: जमशेदपुर के साकची स्थित एमजीएम भामाशाह गोलचक्कर पर रविवार को अखिल भारतीय तैलिक साहू महासभा द्वारा महादानवीर भामाशाह की 426वीं पुण्यतिथि को गौरव दिवस के रूप में मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन महासभा के जिलाध्यक्ष राकेश साहू के नेतृत्व में किया गया, जिसमें समाज के लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
इस अवसर पर उपस्थित पदाधिकारियों एवं समाजजनों ने महादानवीर भामाशाह की तस्वीर पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए और उन्हें नमन किया। कार्यक्रम के दौरान भामाशाह के त्याग, समर्पण और राष्ट्र के प्रति उनके योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष राकेश साहू ने कहा कि जब युद्ध के दौरान महाराणा प्रताप संकट में थे, तब उन्होंने अपने मित्र भामाशाह से सहायता मांगी थी। उस समय भामाशाह ने बिना किसी संकोच के अपना पूरा खजाना राष्ट्रहित में समर्पित कर दिया। इसी ऐतिहासिक दान और समर्पण के कारण वे आज भी ‘दानवीर भामाशाह’ के रूप में स्मरण किए जाते हैं।
राकेश साहू ने यह भी घोषणा की कि आने वाले समय में साकची स्थित भामाशाह गोलचक्कर पर महादानवीर भामाशाह की प्रतिमा स्थापित की जाएगी, ताकि आने वाली पीढ़ियाँ उनके बलिदान और योगदान से प्रेरणा ले सकें। इस घोषणा का समाजजनों ने स्वागत किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला महासचिव पप्पू साहू, सत्यदेव प्रसाद, अवधेश कुमार, आनंद गुप्ता साहू, समाज के जिला सचिव एवं वार्ड संख्या 10 के प्रत्याशी नीरज कुमार, गौतम शाह, कमलेश साहू, अजय साहू, बजरंगी शाह, विवेक गुप्ता, सुमित साहू, हर्ष गुप्ता सहित अन्य समाजजन उपस्थित रहे। सभी ने एकजुट होकर समाज की एकता और भामाशाह के आदर्शों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।


