Palamu News: गैंगस्टर प्रिंस खान के इशारे पर दहशत फैलाने की योजना

Palamu News: पलामू जिले में पुलिस की सतर्कता से एक बड़ी आपराधिक वारदात समय रहते टल गई। पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन के निर्देश पर 1 जनवरी की रात कोयल नदी ओवरब्रिज के समीप चलाए जा रहे सघन वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिस ने एक युवक को हथियार और कारतूस

Facebook
X
WhatsApp
Palamu News: गैंगस्टर प्रिंस खान के इशारे पर दहशत फैलाने की योजना

Palamu News: पलामू जिले में पुलिस की सतर्कता से एक बड़ी आपराधिक वारदात समय रहते टल गई। पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन के निर्देश पर 1 जनवरी की रात कोयल नदी ओवरब्रिज के समीप चलाए जा रहे सघन वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिस ने एक युवक को हथियार और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शाहरूख अली के रूप में हुई है।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने चौंकाने वाले खुलासे किए। शाहरूख अली ने बताया कि उसका भांजा मोहम्मद आतिफ कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के सीधे संपर्क में है। उसी के इशारे पर शहर के एक स्वर्ण व्यवसायी पर फायरिंग कर दहशत फैलाने की योजना बनाई गई थी।

आरोपी के अनुसार, इस आपराधिक योजना को अंजाम देने के लिए मोहम्मद आतिफ की ओर से उसे 30 हजार रुपये भेजे गए थे। हथियार और कारतूस के साथ शाहरूख को टारगेट की रेकी और वारदात को अंजाम देना था, लेकिन पुलिस की सक्रियता के चलते वह अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सका।

पुलिस ने आरोपी के पास से हथियार और कारतूस बरामद कर मौके पर ही उसे गिरफ्तार कर लिया। मामले में पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शाहरूख अली को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, जबकि उसका भांजा मोहम्मद आतिफ फरार बताया जा रहा है।

पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन ने बताया कि इस मामले में गैंगस्टर प्रिंस खान से जुड़े पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच की जा रही है। अन्य संलिप्त अपराधियों की पहचान कर उनके खिलाफ भी जल्द सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जिले में किसी भी हाल में आपराधिक गतिविधियों को पनपने नहीं दिया जाएगा।

TAGS
digitalwithsandip.com