Rain Alert: भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा 19 जून को रांची जिले में भारी बारिश की चेतावनी जारी किए जाने के बाद, रांची जिला प्रशासन ने एहतियातन सभी स्कूलों को एक दिन के लिए बंद रखने का आदेश जारी किया है।
जिला उपायुक्त-सह-दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री द्वारा जारी आदेश के अनुसार, जिले के सभी सरकारी, गैर-सरकारी, सहायता प्राप्त (अल्पसंख्यक सहित) और निजी विद्यालयों में कक्षा KG से 12वीं तक की पढ़ाई 19 जून को स्थगित रहेगी।
मौसम विभाग ने विशेष बुलेटिन में रांची को ‘रेड जोन’ में रखते हुए भारी बारिश की संभावना जताई है। इस स्थिति को देखते हुए छात्रों की सुरक्षा के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेश का उल्लंघन करने वाले विद्यालयों और संस्थानों के विरुद्ध आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 की सुसंगत धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी। सभी प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारियों, अवर विद्यालय निरीक्षकों, क्षेत्र शिक्षा पदाधिकारियों, विद्यालय प्राचार्यों, प्रधानाध्यापकों और अन्य जिम्मेदार अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे आदेश का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करें।