Weather Update\रांची : झारखंड में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने वाला है। वर्तमान में पूरे राज्य में सरहुल का त्योहार धूमधाम से मनाया जा रहा है। इसी बीच, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने राज्य में आज साफ आसमान और शुष्क मौसम की भविष्यवाणी की है। पूरे दिन धूप खिली रहेगी और बारिश की कोई संभावना नहीं है।
2 अप्रैल से झारखंड में बारिश की शुरुआत
मौसम विभाग के अनुसार, 2 अप्रैल से राज्य में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। इस दौरान कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।
इन जिलों में होगी बारिश और तेज हवाएं
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, लातेहार और लोहरदगा जिलों में 2 से 4 अप्रैल के बीच बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही, 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
मौसम विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे मौसम के बदलाव को ध्यान में रखते हुए आवश्यक सावधानियां बरतें और तेज हवाओं के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें।