Waqf Property/जमशेदपुर: लोकसभा में पारित वक़्फ़ (संशोधन) विधेयक पर झारखंड में सियासी घमासान तेज हो गया है। भाजपा नेता और पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) और कांग्रेस पर मुस्लिम तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया है।
उन्होंने कहा कि आदिवासी क्षेत्रों में वक़्फ़ संपत्ति घोषित करने पर रोक लगाने वाला यह विधेयक आदिवासियों के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा करेगा, लेकिन झामुमो ने इसके विरोध में वोट देकर आदिवासी विरोधी रुख साफ कर दिया है।रघुवर दास ने कहा कि झारखंड में बड़े पैमाने पर धर्म परिवर्तन कर जमीन हड़पने और वक़्फ़ घोषित करने की घटनाएं सामने आई हैं।
मोदी सरकार ने नए विधेयक के जरिए इस पर रोक लगाने का प्रावधान किया है, जिससे झारखंड के आदिवासियों की संस्कृति और पहचान सुरक्षित रहेगी।उन्होंने झामुमो और कांग्रेस पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि इन दलों ने आदिवासी हितों के खिलाफ जाकर सिर्फ मुस्लिम समुदाय को खुश करने की राजनीति की है।
उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मुस्लिम तुष्टिकरण की कोशिशों में लगे हैं, जिसका उदाहरण हाल ही में रांची के पिठोरिया में हुई घटना है, जहां सरहुल शोभायात्रा के दौरान एक पाहन पर हमला किया गया।रघुवर दास ने झारखंड के आदिवासी समाज से झामुमो और कांग्रेस के सांसदों का सामाजिक बहिष्कार करने की अपील की और कहा कि यह दल सिर्फ आदिवासियों को गुमराह कर रहे हैं।
उन्होंने झामुमो से सवाल किया कि क्या वे चाहते हैं कि आदिवासी क्षेत्रों की जमीन वक़्फ़ संपत्ति घोषित कर दी जाए?झारखंड की राजनीति में इस मुद्दे को लेकर घमासान मचा हुआ है। जहां भाजपा इसे आदिवासियों की संस्कृति और जमीन की रक्षा से जोड़ रही है, वहीं झामुमो और कांग्रेस इसे केंद्र सरकार की विभाजनकारी नीति करार दे रहे हैं।