Dhanbad: कतरास थाना क्षेत्र के कैलुडीह में खड़े टोटो का बैटरी चार्जर चोरी होने पर शुक्रवार को दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। गुरुवार की रात लगभग 11.20 बजे जनार्दन यादव के टोटो का बैटरी चार्जर चोरी हो गया। घटना परमानंद की राशन दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया था। सीसीटीवी फुटेज कुछ लोगों का चेहरा दिखाई दिया। इसको लेकर शुक्रवार की सुबह लगभग 10 बजे शमशाद उर्फ बबलू अंसारी की कैलुडीह स्थित राशन की दुकान में जाकर एक युवक से जनार्दन के लोग पूछताछ कर रहे थे। इसी बीच दोनों पक्षों में मारपीट हो गई और मामला पूरा बिगड़ गया। मारपीट खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया।
घटना की सूचना पाकर कतरास पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों के लोगों को शांत करा कर मामले को काबू में लिया। इसके बाद छाताबाद में एक पक्ष के लोग सड़क पर उतर आये। उन लोगों ने घटना के विरोध में छाताबाद मुख्य मार्ग में वार्ड दो के पार्षद प्रतिनिधि मासूम खान व समाजसेवी मो. शहाबुद्दीन का पुतला दहन कर विरोध जताया। सड़क पर उतरे लोग दोनों पर मामला शांत नहीं कराने का आरोप लगा रहे थे। इससे छाताबाद में एक बार फिर दोनों पक्षों में तनाव हो गया और लोग आमने- सामने हो गये। पुलिस की टीम ने लोगों को शांत किया और उपद्रवियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।
पुलिस की मौजूदगी में रह-रह कर दोनों पक्षों की तीन-चार बार भिड़ंत हुई। जमकर ईंट-पत्थर चले। छह बम फेंके गए। आधा दर्जन घरों और दुकानों की एसबेस्टसशीट और घर के अंदर रखे सामान क्षतिग्रस्त कर दिए गए। कैलुडीह में घर के बाहर रखे तीन वाहनों का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया। इस खूनी संघर्ष में एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। पुलिस ने लाठीचार्ज कर स्थिति नियंत्रित किया। शांति बनाए रखने के लिए पूरे क्षेत्र में धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है। हिंसक झड़प में दोनों पक्षों से नौ लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी का इलाज कतरास के निचितपुर अस्पताल में चल रहा है।
कैलुडीह में दोनों पक्षों के बीच हुई मारपीट के दौरान पुलिस प्रशासन को भी पथराव से चोट लगी है। हालांकि पुलिस इस बात को सिरे से नकार रही है। वहीं, कतरास थाना का वाहन भी क्षतिग्रस्त हुआ है। कैलुडीह में खड़े चार वाहन, बिना नंबर का टोटो, छाताबाद में खड़ी एक बाइक क्षतिग्रस्त हो गई है। इधर घटना को लेकर एसडीओ प्रेम कुमार तिवारी के निर्देश पर कतरास थाना क्षेत्र के छाताबाद, कैलुडीह व आकाशकिनारी में निषेधाज्ञा लागू कर दी है।
झारखंड समाचार पर नवीनतम अद्यतन झारखंड समाचार पोर्टल, TheSocialBharat.com के माध्यम से प्राप्त करें। झारखंड के विकास पर निरंतर समाचार कवरेज और समय पर अपडेट के साथ सूचित रहें। जमशेदपुर की ताजा खबरों से अपडेट रहें और हमारे प्लेटफॉर्म पर व्यापक समाचार कवरेज तक पहुंचें। जमशेदपुर न्यूज़ अपडेट्स के साथ जुड़े रहें और इस क्षेत्र से नवीनतम अपडेट प्राप्त करने से कभी न चूकें।