Saraikela: ईचागढ़ – सरायकेला-खरसावां जिला के तिरुलडीह थाना अंतर्गत कुकड़ू साप्ताहिक हाट बाजार में 14 जून 2019 को हुए नक्सली घटना के 04 साल पूरा होने पर बुधवार को तिरुलडीह थाना परिसर में थाना प्रभारी रितेश कुमार की अध्यक्षता में एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। जहां तिरुलडीह थाना में पदस्थापित जवानों, अधिकारियों एवं क्षेत्र के प्रबुद्ध जनों ने घटना में शहीद सभी पांचों पुलिसकर्मियों के चित्र पर बारी-बारी श्रद्धांजलि अर्पित किया। इस मौके पर दो मिनट का मौन भी रखा गया। कार्यक्रम में तिरुलडीह थाना प्रभारी रितेश कुमार ने घटना में शहीद जवानों को नमन करते हुए समाज से भटके हुए लोगो को समाज के मुख्यधारा में लौटने की अपील की। मालूम हो कि 14 जून 2019 को तिरुलडीह थाना क्षेत्र के कुकड़ू साप्ताहिक हाट बाजार में हार्डकोर नक्सली रहे महाराज प्रमाणिक के दस्ते ने गुरिल्ला हमला कर पुलिस गश्ती पर धावा बोलकर इस घटना को अंजाम दिया था। जहां इस घटना में दो एएसआई ओर तीन पुलिसकर्मी शहीद हो गए थे। वहीं, नक्सलियों ने पुलिस जवानों के हथियार भी लूट कर फरार हो गए थे। इस घटना में शामिल अबतक एक दर्जन से ज्यादा नक्सलियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं, कांड का मास्टरमाइंड महाराज प्रामाणिक ने झारखंड पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया है। आज भी 14 जुन की रक्त रंजित दिन को याद करके क्षेत्र के लोग सीहर उठते हैं। नक्सलियों ने एएसआई गोवर्धन पासवान,मनोधन हांसदा, आरक्षी धनेश्वर महतो, डिंबु पुर्ती व युधिष्ठिर मलुवा को भुजाली घोंपकर व गोली मारकर निर्मम हत्या कर दिया था। वहीं थाना प्रभारी रितेश कुमार ने कहा कि आज थाना परिसर में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन कर शहीदों को बारी बारी से श्रद्धांजलि अर्पित कर याद किया गया। मौके पर एएसआई हरदेव पासवान, एएसआई अशोक कुमार मिंज, हवालदार सागर हेम्ब्रम, हवालदार दीपक एक्का, हवालदार अवध किशोर दुबे, कुकड़ू प्रखंड के उप प्रमुख मो. एकराम, तिरुलडीह पंचायत के मुखिया सुधीर सिंह मुंडा, छात्र नेता बिकास ठाकुर, चौड़ा के उप मुखिया लाल मोहम्मद आंसरी, वार्ड सदस्य चौड़ा के समेद आंसरी,सायेद आंसरी, निज़ाम आंसरी, कैलाश साव, दीपक कुमार गोप, रामपद गोप, प्यारेलाल कुमार आदि ग्रामीण एवं तिरुलडीह थाना के पुलिस कर्मी मौजूद थे।
