KYC Pending/ जमशेदपुर : झारखंड सरकार की मांईयां सम्मान योजना के तहत लाभुकों के बैंक खातों में तीन महीने की किस्त के रूप में 7500 रुपये भेजे गए हैं। हालांकि, कई महिलाओं को अब तक यह राशि नहीं मिली है, जिससे वे लगातार ब्लॉक कार्यालयों के चक्कर लगा रही हैं।
राशि न मिलने की सबसे बड़ी वजह बैंक खाता और ऑनलाइन खाते में अंतर, आधार लिंक न होना और केवाईसी अधूरा रहना बताई जा रही है। कई महिलाओं का कहना है कि उन्होंने पहले ही सभी जरूरी कागजात जमा कर दिए थे, फिर भी उनके खातों में पैसा नहीं आया।
ब्लॉक कार्यालयों में बढ़ी भीड़
होली के बाद से ही प्रखंड कार्यालयों में महिलाओं की भीड़ देखी जा रही है। दूर-दराज के गांवों से महिलाएं धूप में छाता लेकर, छोटे बच्चों के साथ लंबी कतारों में खड़ी हो रही हैं, ताकि अपनी भुगतान स्थिति का पता लगा सकें। महिलाओं का कहना है कि पहली बार से अब तक उन्हें योजना का कोई भी लाभ नहीं मिला, जिससे उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
बैंक खाता अपडेट और केवाईसी अनिवार्य
अधिकारियों के अनुसार, जिन महिलाओं के बैंक खाते में त्रुटि या आधार लिंक नहीं है, उन्हें जल्द से जल्द इसे सही कराने की जरूरत है। सरकार की ओर से यह भी निर्देश दिए गए हैं कि केवाईसी अपडेट कराने के बाद ही लाभुकों को बकाया राशि जारी की जाएगी।
महिलाओं की अपील: जल्द हो समस्या का समाधान
प्रभावित महिलाओं ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द उनके खातों में राशि भेजी जाए। साथ ही, उन्हें बार-बार ब्लॉक कार्यालय आने की मजबूरी से भी राहत मिले। अधिकारियों का कहना है कि सभी त्रुटियों को जल्द से जल्द ठीक कर भुगतान प्रक्रिया पूरी की जाएगी।