Super Mom Contest\जमशेदपुर : अब तक मिस इंडिया, मिस झारखंड, मिस जमशेदपुर जैसे सौंदर्य प्रतियोगिताओं में युवतियों को मंच मिलता रहा है, लेकिन अब जमशेदपुर की माएं भी अपने अंदर छुपी प्रतिभा को दुनिया के सामने ला सकेंगी।
शहर में पहली बार “सुपर मॉम जमशेदपुर” प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें महिलाएं न सिर्फ रैंप पर चलेंगी, बल्कि अपने आत्मविश्वास, कला, व्यक्तित्व और रचनात्मकता को मंच पर प्रदर्शित करेंगी।
यह प्रतियोगिता 15 जून 2025 को गोलमुरी स्थित होटल विवांता में आयोजित की जाएगी, जिसका आयोजन “बो एंड एरो पिक्चर्स” और “होटल विवांता” के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि होंगी जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू, जिनकी मौजूदगी महिलाओं के हौसले को नई उड़ान देगी। आयोजनकर्ताओं के अनुसार, 50 से अधिक प्रतिभागियों के भाग लेने की संभावना है और रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया अब भी जारी है।
प्रतियोगिता में विभिन्न श्रेणियों में परफॉर्मेंस के आधार पर अंक दिए जाएंगे, जिसके आधार पर विजेता ‘सुपर मॉम’ का खिताब जीतेगी। इस विजेता को ट्रॉफी के साथ-साथ विभिन्न फिल्म, फैशन और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर विशेष अवसर भी दिए जाएंगे।
इस कार्यक्रम में जमशेदपुर के प्रतिष्ठित फैशन और सिनेमा जगत की जानी-मानी हस्तियां भी मौजूद रहेंगी, जो प्रतिभागियों का मूल्यांकन करेंगी।