
Delhi के CM अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में आज मंगलवार को AAP कार्यकर्ता जमकर प्रदर्शन कर रहे हैं। आप के नेता व कार्यकर्ता केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में दिल्ली के पटेल चौक मेट्रो स्टेशन के बाहर प्रदर्शन कर रहे हैं। इस दौरान Delhi का कोई बड़ा नेता मौजूद नहीं। करोल बाग के विधायक सहित कुछ विधायक, पार्षद मौजूद हैं।

आप कार्यकर्ताओं ने सड़क पर लेटकर चक्का जाम करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। इस दौरान आप कार्यकर्ता केजरीवाल को रिहा करो… केजरीवाल को रिहा करो के नारे लगा रहे हैं। मौके पर विधानसभा उपाध्यक्ष राखी बिड़ला भी पहुंची हैं।

उधर, केजरीवाल ने गिरफ्तारी के बाद भी पद छोड़ने से मना कर दिया है। आम आदमी पार्टी का कहना है कि केजरीवाल जेल से सरकार चलाएंगे। वह तर्क दे रहे हैं कि कानून में किसी आरोप में गिरफ्तारी के बाद मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने की बात नहीं है। वहीं, BJP उनके इस्तीफे की मांग कर रही है।
इस संबंध में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा अन्य नेताओं का कहना है कि AAP के नेताओं में नैतिकता नहीं बची है। यही कारण है कि मुख्यमंत्री आबकारी नीति घोटाले के आरोप में गिरफ्तार होने के बाद भी पद नहीं छोड़ रहे हैं। BJP उनके इस्तीफे के लिए आंदोलन तेज करेगी।