Ram Navami Festival/ जमशेदपुर: श्री श्री शीतला माता मंदिर, साकची में इस वर्ष भी भव्य रामनवमी महोत्सव का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया जा रहा है। यह आयोजन 30 मार्च से 7 अप्रैल 2025 तक चलेगा, जिसमें विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान, भजन-कीर्तन, कलश यात्रा और भव्य शोभायात्रा जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
धार्मिक आयोजन और अनुष्ठान
महोत्सव की शुरुआत 2 अप्रैल से संपूर्ण रामायण पाठ के साथ हुई, जिसमें श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम के आदर्शों का श्रवण किया। 4 अप्रैल को संध्या 5:00 बजे भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें हजारों महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होकर भक्तिमय माहौल बनाएंगी।इसके साथ ही आतिशबाजी और जयघोष से माहौल और भी उल्लासमय हो उठेगा।
5 अप्रैल को अष्टमी महाभोग एवं संध्या कीर्तन का आयोजन होगा, जहां भक्तगण प्रसाद ग्रहण कर भजन संध्या का आनंद ले सकेंगे। 6 अप्रैल को महानवमी पूजा और महाभोग के अवसर पर विशेष पूजा का आयोजन किया जाएगा।
भव्य शोभायात्रा और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
7 अप्रैल को संध्या 5:00 बजे से विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें रायपुर से धमाल डंका पार्टी, बलरामपुर से छाऊ नृत्य कलाकार और पुरुलिया के अखाड़ा खिलाड़ी विशेष प्रस्तुतियां देंगे। यह शोभायात्रा भक्तों के लिए एक अद्भुत आध्यात्मिक अनुभव होगा।
आयोजन समिति की अपील
आयोजन समिति के प्रमुख संरक्षक मुकेश मित्तल और अध्यक्ष अरविंद साव ने सभी श्रद्धालुओं से इस भव्य आयोजन में शामिल होने की अपील की है। इस अवसर पर विनय खुराना, अंकुश जवानपुरिया, मनोज बाजपेयी, राकी सिंह, नवीन मिश्रा, रितेश बाजपेयी, अमन बाजपेयी, मनोज दास, मंगल मंडल, कुमार शुभम और प्रताप साहू भी उपस्थित रहे।
यह महोत्सव केवल धार्मिक अनुष्ठानों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह संस्कृति, परंपरा और धार्मिक एकता का प्रतीक भी है। आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं से अनुरोध किया है कि वे इस पवित्र आयोजन में भाग लेकर धर्म और भक्ति का पुण्य लाभ प्राप्त करें।