Parshuram Jayanti: भगवान परशुराम प्राकट्य उत्सव के उपलक्ष्य में मंगलवार को जमशेदपुर में भव्य शोभा यात्रा निकाली गई। ब्राह्मण युवा शक्ति संघ के तत्वावधान में यह यात्रा मानगो स्थित श्री हनुमान मंदिर से प्रारंभ होकर साकची के शीतला माता मंदिर तक पहुंची। यात्रा की शुरुआत विधिवत पूजन और मंत्रोच्चारण के साथ हुई।
भगवा ध्वजों से सजे रास्ते, ढोल-नगाड़ों की थाप, डीजे की भक्ति धुनें और श्रद्धालुओं की उत्साहपूर्ण उपस्थिति ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। रथ पर सवार भगवान परशुराम की सुसज्जित प्रतिमा यात्रा का प्रमुख केंद्र रही। विशेष आकर्षण 12 फीट ऊँची परशुराम छवि का पूजन रहा, जो शीतला माता मंदिर प्रांगण में किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य सामाजिक समरसता और आराध्य देवताओं को जातिगत सीमाओं से ऊपर रखने का संदेश देना था। इसी कारण शोभा यात्रा में सभी समुदायों के लोग बढ़-चढ़कर शामिल हुए। अंत में महाआरती और भोग-प्रसाद का आयोजन हुआ, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

इस अवसर पर कई प्रमुख सामाजिक और राजनीतिक हस्तियां भी उपस्थित रहीं, जिनमें विक्रम शर्मा, कुणाल सारंगी, चंद्रशेखर मिश्रा, कुसुम पूर्ति, वेद प्रकाश उपाध्याय, मुन्ना चौबे ,अभिषेक ओझा, पप्पू तिवारी बलदेव सिंह ,युवा मोर्चा बीजेपी जिला अध्यक्ष नीतीश कुशवाहा, विशाल सिंह,चिंटू सिंह ,सोनू ठाकुर सहित कई गणमान्य नागरिकों के नाम शामिल हैं।