Paper Leak Case/रांची: झारखंड में JSSC CGL परीक्षा प्रश्नपत्र लीक मामले में शामिल झारखंड इंडियन रिजर्व बटालियन (IRB) के छह जवानों पर अब सख्त कार्रवाई की तैयारी है। इनमें से पांच जवानों को झारखंड पुलिस की सीआईडी ने 24 मार्च को गिरफ्तार किया था, जबकि एक जवान फरार चल रहा है।
डीजीपी अनुराग गुप्ता ने इस मामले की गंभीरता को देखते हुए झारखंड सशस्त्र बल (JAP) के डीआईजी को पत्र भेजकर सभी छह जवानों को भारतीय संविधान की धारा 311 के तहत बर्खास्त करने के निर्देश दिए हैं। यह धारा सार्वजनिक सेवकों को बिना पूर्व सूचना के सेवा से हटाने की अनुमति देती है, फिलहाल सभी गिरफ्तार जवान निलंबित हैं और न्यायिक हिरासत में हैं। इनके खिलाफ विभागीय जांच भी जारी है। बताया जा रहा है कि ये जवान एक ऐसे गिरोह का हिस्सा थे, जो अभ्यर्थियों से पैसे लेकर उन्हें प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने का दावा कर रहा था। इस मामले में झारखंड पुलिस की सीआईडी ने कड़ी जांच करते हुए कई तकनीकी साक्ष्य जुटाए हैं।
इस पेपर लीक कांड से राज्य की सबसे बड़ी प्रतियोगी परीक्षा की पारदर्शिता पर सवाल उठे हैं। प्रशासन अब दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर परीक्षा प्रक्रिया की विश्वसनीयता बहाल करने की दिशा में कदम उठा रहा है।