Om Birla Jharkhand:लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला आज अपनी पहली झारखंड यात्रा पर राजधानी रांची पहुंचे, जहां उनका जोरदार स्वागत किया गया। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने पारंपरिक नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ उनका स्वागत किया।
स्वागत समारोह में रांची सांसद संजय सेठ, हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल, हटिया विधायक नवीन जायसवाल, पूर्व विधायक विरांची नारायण सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।एयरपोर्ट से बाहर निकलने के बाद ओम बिरला सीधे बिरसा चौक पहुंचे।
उन्होंने स्वतंत्रता सेनानी और आदिवासी नायक भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा, “मैं भगवान बिरसा मुंडा की इस पावन धरती को सादर नमन करता हूँ। झारखंड की संस्कृति और संघर्ष की भावना देश के लिए प्रेरणा है।”यह ओम बिरला की लोकसभा अध्यक्ष बनने के बाद पहली झारखंड यात्रा है। उनके दौरे को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
रांची प्रवास के दौरान वे विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा आयोजित नागरिक समारोहों में शामिल होंगे और शाम को राजभवन में रात्रि विश्राम करेंगे।ओम बिरला का अगला पड़ाव जमशेदपुर होगा, जहां वे चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्लेटिनम जुबली समारोह में भाग लेंगे। उनके इस दौरे को राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इससे झारखंड में आगामी चुनावों को लेकर भाजपा की तैयारियों को बल मिल सकता है।