Nagar Nigam Submerged: आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली कल्पनापुरी कॉलोनी रविवार को हुई हल्की बारिश के बाद तालाब में तब्दील हो गई। यह मार्ग जो निगम कार्यालय और औद्योगिक क्षेत्र को जोड़ता है, पूरी तरह जलमग्न हो गया है। बारिश के पानी ने क्षेत्र की दुकानों और घरों में घुसपैठ कर लाखों की संपत्ति को नुकसान पहुंचाया है। कई दुकानों का सामान बर्बाद हो गया, वहीं तीन पहिया वाहन, कारें और मोटरसाइकिलें पानी में डूबी हुई देखी गईं। बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे पानी में उतरकर मजबूरी में अपने गंतव्य तक पहुंचने को विवश हैं।
स्थानीय समाजसेवी अवधेश सिंह ने बताया कि कल्पनापुरी से होकर गुजरने वाला नाला सर्वो नगर से जुड़ता है, लेकिन वहां नाला इतना संकरा है कि पानी की निकासी संभव नहीं हो पाती। वर्षों से नगर निगम को इस विषय में लिखित शिकायतें दी जा रही हैं, परंतु कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया। स्थिति यह है कि नगर निगम कार्यालय परिसर तक में पानी घुस चुका है, जिससे प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं।
स्थानीय निवासियों ने सर्वो नगर में अवैध निर्माण और अतिक्रमण को जलजमाव का मुख्य कारण बताया है। उनका कहना है कि सर्वो नगर में सड़क किनारे मकान बना लिए गए हैं, जिससे पानी के बहाव का रास्ता अवरुद्ध हो गया है। आदित्यपुर-2 क्षेत्र की कई नालियों का पानी कल्पनापुरी होते हुए गुजरता है, परंतु निकासी व्यवस्था विफल होने से पानी घरों और दुकानों में घुस रहा है। नाराज नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो वे उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।