Minister Ramdas Injured: झारखंड के शिक्षा मंत्री और घाटशिला विधानसभा क्षेत्र के विधायक रामदास सोरेन शनिवार सुबह अचानक उस समय घायल हो गए जब वे जमशेदपुर स्थित अपने सरकारी आवास के बाथरूम में फिसलकर गिर पड़े। घटना की जानकारी मिलते ही उन्हें तत्काल टाटा मोटर्स अस्पताल ले जाया गया, जहां प्रारंभिक जांच में उनके मस्तिष्क में खून का थक्का (ब्लड क्लॉट) पाए जाने की पुष्टि हुई।

टाटा से दिल्ली एयरलिफ्ट‚ मेदांता में भर्ती
डॉक्टरों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उन्हें उन्नत चिकित्सा सुविधा के लिए एयर एम्बुलेंस के माध्यम से दिल्ली के मेदांता अस्पताल रेफर कर दिया। सोरेन को ICU में भर्ती किया गया है, जहां न्यूरोलॉजी विशेषज्ञों की टीम उनकी निगरानी कर रही है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, अगले 24 घंटे बेहद अहम माने जा रहे हैं।
राजनीतिक हलकों में चिंता‚ समर्थकों में बेचैनी
रामदास सोरेन झारखंड की राजनीति में एक सशक्त आदिवासी नेता माने जाते हैं। झारखंड आंदोलन के दौरान उन्होंने सक्रिय भूमिका निभाई थी और वे झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के प्रमुख चेहरों में गिने जाते हैं। हाल ही में जब चंपई सोरेन ने पार्टी छोड़कर भाजपा का दामन थामा, तब रामदास सोरेन पार्टी के अंदर एक बड़े रणनीतिक और नेतृत्वकारी चेहरा बनकर उभरे।
उनकी अचानक तबीयत बिगड़ने की खबर से न केवल JMM कार्यकर्ता बल्कि राज्य भर की राजनीतिक गलियों में चिंता का माहौल है। पार्टी नेताओं और समर्थकों की नजर अब मेदांता अस्पताल से आने वाली हर खबर पर टिकी है।