Medical Marvel: धनबाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल के वरिष्ठ सर्जन डॉ. अली जैद अनवर ने एक महिला के शरीर से 7.5 किलोग्राम वजनी स्प्लीन ट्यूमर सफलतापूर्वक निकालकर नया इतिहास रचा है। यह सर्जरी न केवल तकनीकी दृष्टि से जटिल थी, बल्कि चिकित्सा क्षेत्र में एक वैश्विक रिकॉर्ड भी बन गई है।
झारखंड की चिकित्सा सेवाओं में नया इतिहास
इससे पहले विश्व में किसी महिला के शरीर से निकाला गया सबसे भारी स्प्लीन ट्यूमर 2.5 किलोग्राम का दर्ज था। डॉ. अनवर की इस सफलता ने झारखंड की चिकित्सा क्षमताओं में प्रगति का प्रमाण दिया है।
स्वास्थ्य मंत्री ने व्यक्त की प्रसन्नता
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह झारखंड की स्वास्थ्य प्रणाली की सामूहिक सफलता है। उन्होंने डॉ. अनवर को सम्मानित करने की बात कही और कहा कि वह ईमानदारी और समर्पण से कार्य करने वाले चिकित्सकों को पहचान और सम्मान देना अपनी प्राथमिकता मानते हैं।
गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में आवेदन
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि इस रिकॉर्ड-ब्रेकिंग सर्जरी को गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स और लिम्का बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में शामिल कराने के लिए आवेदन किया गया है। यह झारखंड की चिकित्सा क्षमताओं के लिए एक बड़ा सम्मान होगा।