Martyr Sunil Dhan/रांची: झारखंड ने आज अपने एक और वीर सपूत को खो दिया, लेकिन उनकी शहादत राज्य के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में लिखी जाएगी। पश्चिमी सिंहभूम जिले के जराइकेला क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान झारखंड जगुआर के बहादुर जवान सुनील धान आईईडी विस्फोट में शहीद हो गए।
रविवार को रांची स्थित झारखंड जगुआर मुख्यालय में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने शहीद को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने शहीद के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र चढ़ाकर राष्ट्र और राज्य के प्रति उनके बलिदान को नमन किया।मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा, “शहीद सुनील धान की बहादुरी और देशभक्ति पर पूरे राज्य को गर्व है। उनकी शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी।

राज्य सरकार शहीद के परिवार के साथ हर कदम पर खड़ी है।”शहीद का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव ले जाया गया, जहां पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। राज्य सरकार ने शहीद के परिजनों को आर्थिक सहायता और सरकारी सुविधाएं प्रदान करने की घोषणा की है।झारखंड के लोग शहीद सुनील धान की वीरता और समर्पण को कभी नहीं भूलेंगे। उनकी कुर्बानी आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देती रहेगी।