–दो बैंक कर्मचारी सहित 3 आरोपी गिरफ्तार, 14.80 लाख नगद बरामद
Kolhan University/चाईबासा: कोल्हान विश्वविद्यालय चाईबासा के बैंक खाता से 1 करोड़ 58 लाख 96 हजार 800 रूपये की अवैध निकासी के मामले में पश्चिमी सिंहभूम जिला पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 14 लाख 80 हजार रुपए नगद बरामद किया गया है। इसके अलावा 5 पीस मोबाईल फोन, एक एटीएम और 73 पीस बैंक चेक बरामद किया गया है। लगभग 93 लाख रूपये को डेबिट फ्रीज करवाया गया है और विश्वविद्यालय के खाता में वापस जमा करने की कार्रवाई बैक के माध्यम से की जा रही है।

पहला आरोपी रांची के कडरू में स्थित ईएसएएफ बैंक का एसिस्टेंट मैनेजर 35 वर्षीय संजय कुमार रामगढ़ का रहने वाला है। दूसरी आरोपी 26 वर्षीय अमृता शर्मा येस बैंक की बोकारो जिले की चास शाखा की कर्मचारी हैं। जबकि तीसरा आरोपी 35 वर्षीय धनंजय कुमार प्रजापति बोकारो जिले के ही कसमार थाना का रहने वाला है और अस्थाई रूप से रामगढ़ में रहता था।पत्रकारों को जानकारी देते हुए पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर ने बताया कि कोल्हान विश्वविद्यालय के कुलसचिव द्वारा मुफ्फसिल थाना में 19 फरवरी 2025 को शिकायत दर्ज कराया गया था, जिसमें बैंक खाता से अज्ञात अपराधियों द्वारा 1 करोड़ 58 लाख 96 हजार 800 रूपये की अवैध निकासी करने का उल्लेख किया गया था।

एसपी ने कहा कि घटना की गंभीरता एवं संवेदशीलता को देखते हुए त्वरित अनुसंधान एवं घटना में संलिप्त अभियुक्तों की पहचान करते हुए अग्रेतर कार्रवाई करने हेतु एएसपी अभियान पारस राणा, प्रशिक्षु सहायक पुलिस अधीक्षक और मुफस्सिल थाना प्रभारी निखिल राय और चाईबासा एसडीपीओ बहामन टूटी के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया।विशेष छापामारी दल द्वारा ओडिशा, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़ राज्यों में और रामगढ़, राँची एवं बोकारो जिला में विभिन्न स्थानों पर छापामारी किया गया। छापामारी के क्रम में तीन 3 अभियुक्तों को गिरफ्तार करते हुए कुल 14,80,000/- रूपये नकद सहित अन्य सामान बरामद किया गया।
एसपी ने बताया कि पुलिस द्वारा त्वरित गति से अनुसंधान करते हुए राज्य एवं राज्य से बाहर विभिन्न बैक से संपर्क कर इस कांड में अवैध रूप से निकासी किये गये 1 करोड़ 58 लाख 96 हजार 800 रूपये में से लगभग 93 लाख रूपये को डेबिट फ्रीज करवाया गया। एसपी ने बताया कि कांड में शेष संलिप्त अभियुक्तों की गिरफ्तारी एवं रूपये की बरामदगी हेतु पुलिस टीम के द्वारा लगातार छापामारी जारी है।