Kolhan University/रांची : झारखंड राज्य विश्वविद्यालय संविदा शिक्षक संघ की एक महत्वपूर्ण बैठक आज रांची में संघ के प्रदेश अध्यक्ष राकेश कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में कोल्हान विश्वविद्यालय के आवश्यकता आधारित शिक्षकों की समस्याओं, उनके नियमितीकरण, वेतन विसंगति और अन्य सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
प्रदेश अध्यक्ष राकेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि संघ शिक्षकों के नियमितीकरण, विशेष अवकाश (एस.एल), चिकित्सा सुविधाएँ, महंगाई भत्ता एवं अन्य जरूरी सुविधाओं के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार इस मुद्दे को लेकर गंभीर है और मुख्यमंत्री एवं शिक्षा मंत्री ने शिक्षकों के हितों की रक्षा का आश्वासन दिया है।

समिति का गठन और नई कार्यकारिणी
बैठक में कोल्हान विश्वविद्यालय और महिला विश्वविद्यालय के संविदा शिक्षकों की समस्याओं की निगरानी के लिए एक समिति गठित की गई। समिति में शिक्षाविद् डॉ. बी. डी. सिन्हा, डॉ. रविशंकर राय, डॉ. के. डी. राय और डॉ. नूतन सिंह को संरक्षक के रूप में शामिल किया गया।
कार्यकारिणी समिति में डॉ. कमलेश कुमार कमलेंदू को अध्यक्ष, डॉ. कन्हैया बारीक को महासचिव तथा डॉ. सुरेश कुमार, डॉ. श्वेता शर्मा, डॉ. छगन अग्रवाल और डॉ. शिप्रा त्रिपाठी को उपाध्यक्ष बनाया गया। इसके अलावा, विभिन्न कॉलेजों के प्रतिनिधियों और अन्य पदाधिकारियों की भी नियुक्ति की गई।