Kinudih Village /जमशेदपुर: परसुडीह थाना क्षेत्र के कीनूडीह गांव में जाहेर थान के पीछे एक युवक का शव पेड़ से लटका मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 30 वर्षीय अनिल मुर्मू के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बोकारो जिले के लालपनिया का रहने वाला था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
अनिल मुर्मू जनवरी में अपनी बहन के घर आया था और यहां रहकर दिहाड़ी मजदूरी करता था। परिवार के अनुसार, वह कल शाम से लापता था, और सुबह जाहेर थान के पीछे एक पेड़ से उसका शव लटका मिला। मृतक की बहन ने कहा कि अनिल की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी, इसलिए आत्महत्या का कारण समझ से परे है।फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।