Khelo India/रांची: खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 (U-18), जो इस वर्ष 7 से 13 मई तक बिहार के राजगीर में आयोजित हो रहे हैं, में भाग लेने के लिए झारखंड की महिला और पुरुष हॉकी टीमें आज रवाना हो गईं।
इन टीमों का उद्देश्य राज्य का गौरव बढ़ाते हुए पदक जीतना है।टीम को रवाना करने से पहले एक संक्षिप्त विदाई समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के सचिव मनोज कुमार, खेल निदेशक संदीप कुमार, हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह, उप निदेशक राजेश कुमार, तथा झारखंड के नोडल पदाधिकारी तुषार राय समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

हॉकी झारखंड के महासचिव विजय शंकर सिंह ने विश्वास जताया कि राज्य की युवा टीमें इस प्रतियोगिता में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगी। सीईओ रजनीस कुमार, कोषाध्यक्ष असरित लकड़ा और हॉकी रांची के सचिव जयंत केरकेट्टा ने भी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।राज्य की टीमें इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय खेल आयोजन में न केवल अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी, बल्कि आने वाले वर्षों के लिए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान भी बनाएंगी।