Jharkhand: गांडेय से झारखंड मुक्ति मोर्चा की विधायक और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन (Hemant Soren Wife Kalpana Soren) को पार्टी में जल्द ही अहम जिम्मेदारी मिलेगी। हेमंत सोरेन के जेल जाने के बाद विपरीत परिस्थितियों में कल्पना सोरेन ने जब राजनीति में कदम रखा था तो सबकी निगाहें उनपर थी।
हेमंत सोरेन के जेल जाने के दौरान कल्पना सोरेन ने खुद को साबित कर दिखाया। हेमंत सोरेन की अनुपस्थिति में उन्होंने ना सिर्फ लोकसभा चुनाव के दौरान आईएनडीआईए को नेतृत्व प्रदान किया, बल्कि गांडेय विधानसभा उपचुनाव मेंं जीत दर्ज कर राजनीति के पिच पर शानदार शुरुआत की।
कल्पना ने की 100 बड़ी रैलियां
विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने लगभग 100 बड़ी रैलियां और रोड शो किए। चुनावी सभाओं में उनकी जबरदस्त मांग थी। संभावना है कि जल्द ही होने वाले झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय महाधिवेशन में उन्हें नई जिम्मेदारी दी जाए।
कल्पना सोरेन को मिलेगी बड़ी जिम्मेदारी
झारखंड मुक्ति मोर्चा के महासचिव विनोद पांडेय के मुताबिक, कल्पना सोरेन ने लोकसभा और विधानसभा चुनाव में मिली जिम्मेदारी का बखूबी निर्वहन किया। संगठन को मजबूत करने में भी उन्होंने महती जिम्मेदारी निभाई। ऐसे में उन्हें बड़ी जिम्मेदारी दी जा सकती है।
महाधिवेशन में शामिल होंगे कई राज्यों के प्रतिनिधि
महाधिवेशन की तिथि और स्थान की जल्द ही घोषणा कर दी जाएगी। इसमें झारखंड के अलावा बिहार, असम, बंगाल, छत्तीसगढ़, तमिलनाडु आदि राज्यों से भी प्रतिनिधि शामिल होंगे। झामुमो का पिछला केंद्रीय महाधिवेशन कोरोना काल में हुआ था। इस बार केंद्रीय महाधिवेशन में पार्टी की जीत का जश्न भी मनेगा। इसका आयोजन बड़े पैमाने पर होगा।