Women Campaign: बाढ़ अनुमंडल के मोकामा विधानसभा क्षेत्र में जदयू प्रत्याशी और पूर्व विधायक अनंत सिंह के समर्थन में चुनावी माहौल लगातार तेज हो रहा है। दुलारचंद यादव हत्या मामले में जेल जाने के बाद अब उनके चुनाव प्रचार की कमान महिलाओं की टोली ने अपने हाथों में ले ली है।
नगर क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड और आसपास की पंचायतों में सैकड़ों महिलाएं दर्जनों टोलियों में विभाजित होकर घर-घर जाकर वोट मांग रही हैं। ये महिलाएं मतदाताओं को अनंत सिंह के विकास कार्यों और क्षेत्र में उनके योगदान की याद दिला रही हैं।
महिला समर्थकों का कहना है कि “अनंत सिंह हमलोगों के लिए हमेशा खड़े रहे हैं, चाहे कोई भी परिस्थिति हो। अब जब वे जेल में हैं, तो हमारी जिम्मेदारी है कि हम उनके लिए और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के लिए वोट मांगें।”उनका कहना है कि इस बार वे अनंत सिंह को विजयी बनाकर ही चैन की सांस लेंगी।
केवल महिलाएं ही नहीं, बल्कि स्थानीय पुरुष, युवा और बुजुर्ग भी प्रचार में सक्रिय दिख रहे हैं। मोहल्लों, बाजारों और ग्रामीण इलाकों में “अनंत सिंह ज़िंदाबाद” के नारे गूंज रहे हैं। धीरे-धीरे पूरा मोकामा क्षेत्र इस चुनावी मुहिम में शामिल होता जा रहा है।
यह पहला मौका है जब मोकामा में महिलाओं ने इतनी संगठित भूमिका निभाई है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह महिला जनसमर्थन अनंत सिंह की चुनावी संभावनाओं को नया बल दे सकता है।


