Winter Relief Drive: जमशेदपुर में कड़ाके की ठंड और शीतलहर के बीच जरूरतमंदों को राहत पहुंचाने के लिए न्यायपालिका भी आगे आई। व्यवहार न्यायालय जमशेदपुर के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) के अध्यक्ष अरविंद कुमार पांडेय के निर्देश पर नववर्ष के दिन 1 जनवरी को देर रात विशेष कंबल वितरण अभियान चलाया गया।
इस मानवीय पहल के तहत सिविल जज (सीजेएम) विशाल गौरव और डालसा सचिव कुमार शौरव त्रिपाठी ने रात 10 बजे से 12 बजे तक शहर के विभिन्न चौक-चौराहों, रेलवे स्टेशन और सड़क किनारे सो रहे गरीब एवं बेसहारा लोगों को अपने हाथों से कंबल ओढ़ाए। ठंड से कांप रहे लोगों को राहत पहुंचाते हुए उन्होंने न्यायपालिका का संवेदनशील चेहरा सामने रखा।
न्यायिक अधिकारियों ने रात्रि भ्रमण के दौरान करीब 50 जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए। इस दौरान उन्होंने कहा कि “जिसका कोई नहीं होता, उसके लिए डालसा खड़ा है।” उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भारत में रहने वाला हर नागरिक सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अधिकार रखता है।
अधिकारियों ने जरूरतमंदों को यह जानकारी भी दी कि न्याय से वंचित लोग डालसा कार्यालय से संपर्क कर निःशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त कर सकते हैं। यह पहल केवल ठंड से राहत तक सीमित नहीं, बल्कि समाज के कमजोर वर्गों को न्याय प्रणाली से जोड़ने का प्रयास भी है।
इस कंबल वितरण कार्यक्रम को सफल बनाने में डालसा कार्यालय के प्रधान सहायक संजय कुमार, रवि मुर्मू सहित पीएलवी नागेन्द्र कुमार, दिलीप जायशवाल, संजय तिवारी, मनोज महतो, सुनील पांडेय, अरुण रजक और शंकर गोराई की सक्रिय भूमिका रही। सभी ने मिलकर मानवता और सेवा भाव का परिचय दिया।


