Union Grade Talks: जमशेदपुर में टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के शीर्ष नेतृत्व को आगामी ग्रेड रीविजन को लेकर प्रबंधन से वार्ता करने के लिए अधिकृत कर दिया गया है। यूनियन की कमेटी मीटिंग में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया, जिसमें अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद और महामंत्री आरके सिंह पर पूर्ण विश्वास जताया गया। यह जानकारी यूनियन के सलाहकार प्रवीण सिंह ने प्रेस वार्ता के दौरान दी।
सोमवार सुबह यूनियन कार्यालय में आयोजित कमेटी मीटिंग में यूनियन के सभी पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे। बैठक की अध्यक्षता यूनियन अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद ने की, जबकि संचालन अशोक उपाध्याय ने किया। बैठक में ग्रेड रीविजन को लेकर मजदूरों से प्राप्त सुझावों पर भी विस्तार से चर्चा की गई और नेतृत्व को आगे की वार्ता के लिए अधिकृत किया गया।
प्रेस वार्ता में प्रवीण सिंह ने बताया कि दो कमेटी सदस्यों के सेवानिवृत्त होने के कारण यूनियन में कुछ पद रिक्त हो गए हैं। इन रिक्त पदों को भरने के लिए उपचुनाव कराने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए पूर्व चुनाव संचालन समिति को ही जिम्मेदारी सौंपी गई है, ताकि चुनाव प्रक्रिया सुचारू और पारदर्शी ढंग से संपन्न हो सके।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि निकट भविष्य में यूनियन की जनरल बॉडी मीटिंग आयोजित की जाएगी। इस आमसभा में यूनियन से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्तावों, आगामी रणनीतियों और मजदूर हितों से संबंधित विषयों पर व्यापक चर्चा की जाएगी।
कमेटी मीटिंग के दौरान आगामी 3 मार्च को आयोजित होने वाले वृहद रक्तदान शिविर, टाटा साहब की मूर्ति के अनावरण कार्यक्रम सहित अन्य सामाजिक और संगठनात्मक गतिविधियों पर भी विचार-विमर्श किया गया। यूनियन पदाधिकारियों ने इन कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए सामूहिक सहभागिता पर जोर दिया।


