Traffic Awareness Rally: जमशेदपुर में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अवसर पर पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन और परिवहन विभाग द्वारा व्यापक स्तर पर जन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत प्रतिदिन विभिन्न माध्यमों से आम लोगों को यातायात नियमों की जानकारी दी जा रही है, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सके।
मंगलवार को जिला परिवहन पदाधिकारी धनंजय राय के नेतृत्व में स्कूली बच्चों के बीच विशेष जन जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान बच्चों ने रैली के माध्यम से शहरवासियों, विशेषकर युवा वर्ग को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक किया। रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी और लोगों का ध्यान यातायात अनुशासन की ओर आकर्षित किया।
रैली में शामिल बच्चों ने हाथों में तख्तियां लेकर हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, तेज गति से वाहन नहीं चलाने और यातायात नियमों का पालन करने जैसे संदेश दिए। बच्चों के उत्साह और नारों ने लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति सोचने पर मजबूर किया।
इस मौके पर जिला परिवहन पदाधिकारी धनंजय राय ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य शहर में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण पाना और युवा वर्ग को यातायात नियमों के प्रति संवेदनशील बनाना है। उन्होंने कहा कि जागरूकता अभियानों के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं और पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों की संख्या में कमी दर्ज की गई है।
धनंजय राय ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने का सबसे प्रभावी उपाय जन जागरूकता है और इसमें स्कूली बच्चे एक सशक्त माध्यम साबित हो सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिला प्रशासन और परिवहन विभाग द्वारा यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
डीटीओ ने अभिभावकों से भी अपील की कि वे अपने बच्चों को सड़क सुरक्षा नियमों के पालन के लिए प्रेरित करें, ताकि देश का भविष्य सुरक्षित रह सके। उन्होंने कहा कि बच्चों में बचपन से यातायात नियमों की समझ विकसित करना बेहद जरूरी है।


