Telco Water Project: जमशेदपुर के टेल्को क्षेत्र अंतर्गत श्रीनाथ रॉक गार्डन, मनपीटा समेत हुरलुंग, लुपुंगडीह एवं नूतनडीह के ग्रामीण इलाकों में यथाशीघ्र पाइप लाइन के माध्यम से जलापूर्ति प्रारंभ की जाएगी। इस बहुप्रतीक्षित योजना के शुरू होने से लंबे समय से झेल रहे जलसंकट से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
पीएचईडी के कार्यपालक अभियंता सुनील कुमार ने बताया कि हुरलुंग बृहत जलापूर्ति योजना के तहत लगभग दस दिनों के भीतर पाइप लाइन से घर-घर पानी की आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी। उन्होंने बताया कि योजना का ट्रायल पहले ही सफलतापूर्वक किया जा चुका है और इसे दो चरणों में पूर्ण रूप से लागू किया जाएगा।
स्थानीय लोगों के अनुसार, गर्मी के मौसम में भूगर्भ जल स्तर नीचे चले जाने के कारण मनपीटा, हुरलुंग, लुपुंगडीह एवं नूतनडीह क्षेत्रों में गंभीर जलसंकट उत्पन्न हो गया था। इसी समस्या को देखते हुए श्रीनाथ होम्स नामक भवन निर्माण कंपनी के प्रबंध निदेशक सुखदेव महतो ने स्थानीय विधायक मंगल कालिंदी एवं तत्कालीन कार्यपालक अभियंता शिशिर सोरेन के साथ समन्वय स्थापित कर वर्ष 2023 में इस योजना की शुरुआत करवाई थी।
लगभग 10.5 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस परियोजना की क्षमता एक एमएलडी है। इसके अंतर्गत दो जल मीनार और एक आधुनिक फिल्टर प्लांट का निर्माण किया गया है। लगभग 30 से 32 किलोमीटर लंबी पाइप लाइन बिछाकर मनपीटा सहित हुरलुंग, लुपुंगडीह एवं नूतनडीह के गांवों में शुद्ध पेयजल की आपूर्ति की जाएगी।
इस जलापूर्ति योजना के शुरू होने से टेल्को स्थित श्रीनाथ रॉक गार्डन के लगभग 800 परिवारों को नियमित और समुचित पानी उपलब्ध हो सकेगा। परियोजना को अगले 30 वर्षों की जरूरतों को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है।
योजना के पूर्ण रूप से लागू होने के बाद हजारों घरों में शुद्ध पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित होगी। इसे लेकर स्थानीय लोगों में खुशी और उत्साह का माहौल है और वे इसे क्षेत्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि मान रहे हैं।


