Shilpa Rao Honor: जमशेदपुर : बॉलीवुड की लोकप्रिय पार्श्व गायिका और हाल ही में 71वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से सम्मानित शिल्पा राव का बुधवार देर शाम गृह नगर जमशेदपुर पहुंचने पर गर्मजोशी से स्वागत किया गया। शहरवासियों और प्रशंसकों ने बिष्टुपुर स्थित एक होटल में उनका भव्य स्वागत किया, जहां उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपनी भावनाएँ साझा कीं।
सफलता का राज मेहनत
प्रेस कॉन्फ्रेंस में शिल्पा राव ने स्पष्ट कहा कि उनकी उपलब्धि रात-दिन की मेहनत और निरंतर होमवर्क का नतीजा है। उन्होंने कहा, “मैंने हमेशा दिग्गज गायकों की रिकॉर्डिंग सुनकर सीखा है और आज भी सीखने की प्रक्रिया जारी है। सफलता तभी मिलती है जब लगातार अभ्यास किया जाए।”
चलेया गीत और राष्ट्रीय पुरस्कार
शिल्पा राव को शाहरुख खान अभिनीत फिल्म जवान के चर्चित गीत ‘चलेया’ के लिए 71वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में सर्वश्रेष्ठ पार्श्व गायिका का सम्मान मिला। इस गाने को लेकर उन्होंने बताया कि शुरुआत में यह कठिन लगा था, लेकिन निरंतर अभ्यास और मेहनत ने इसे सहज बना दिया।
मुख्यमंत्री से हुई मुलाकात
अवार्ड मिलने के बाद शिल्पा राव रांची भी गईं, जहां उन्होंने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने इस उपलब्धि को राज्य के लिए गर्व का क्षण बताया और उनके साथ चलेया गीत के सुर भी गुनगुनाए।
जमशेदपुर से जुड़ी जड़ें
शिल्पा राव का बचपन जमशेदपुर में बीता है। वह टेल्को की रहने वाली हैं और उनके पिता टाटा मोटर्स में कार्यरत थे। उन्होंने अपनी पढ़ाई लोयोला स्कूल से पूरी की थी। गृह नगर लौटने पर उन्होंने अपने बचपन की यादों को भी साझा किया और कहा कि जमशेदपुर की मिट्टी और यहां की संस्कृति ने उन्हें हमेशा प्रेरित किया।