Shibu Soren Memorial: सरायकेला-खरसावां जिले के कांड्रा मोड़ स्थित टोल प्लाजा परिसर में रविवार को ‘बाबा दिशोम गुरु शिबू सोरेन चौक’ यानी ‘गुरुजी चौक’ के नामकरण और 25 फीट ऊंची विशाल प्रतिमा की स्थापना के लिए भव्य शिलान्यास समारोह संपन्न हुआ। यह आयोजन गुरुजी विचार मंच की केंद्रीय समिति द्वारा किया गया था, जिसमें झारखंड आंदोलन के समर्थक, स्थानीय ग्रामीण, विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य झारखंड आंदोलन के प्रणेता और आदिवासी समाज के महानायक बाबा दिशोम गुरु शिबू सोरेन के योगदान को स्थायी स्मृति देकर सम्मानित करना था। आयोजकों ने बताया कि 25 फीट ऊंची प्रस्तावित प्रतिमा गुरुजी के सरल व्यक्तित्व, संघर्षशील जीवन और झारखंडी अस्मिता की अनोखी पहचान बनेगी।प्रस्तावित चौक को आधुनिक स्वरूप देने की योजना है, ताकि यह स्थान स्थानीय लोगों के लिए एक प्रेरणादायक स्मारक और सांस्कृतिक धरोहर के रूप में विकसित हो सके।
गुरुजी विचार मंच के सदस्यों ने कहा कि गुरुजी ने अपना पूरा जीवन राष्ट्रसेवा और सामाजिक न्याय के लिए समर्पित किया। उनके दर्शन और संघर्ष को नई पीढ़ी तक पहुँचाने के लिए यह स्मारक अत्यंत महत्वपूर्ण होगा। कांड्रा और आसपास के इलाकों में इस कार्यक्रम को लेकर खासा उत्साह देखा गया और लोगों ने इसे झारखंड के गौरव का प्रतीक बताया।
समारोह में बोड़ पीढ़ पारगना राजेश टुडू, देश परगना फकीर मोहन टुडू, कारजी बाबा लस्कर टुडू, झामुमो केंद्रीय समिति सदस्य गुरु चरण किस्कु, चारु चाँद किस्कु, दिलीप किस्कु, सोखेन हेंब्रम, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष भोमरा माझी, जिला सचिव बैद्यनाथ टुडू, बाबूराम सोरेन, धरमू माझी, गौरी शंकर टुडू सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और ग्रामीण शामिल रहे।इसके अलावा गुरुजी विचार मंच के नायके बाबा शंकर मार्डी, संयोजक राम हाँसदा और अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित थे। कार्यक्रम के अंत में लोगों ने इसे झारखंडी स्वाभिमान और एकता का प्रतीकात्मक आयोजन बताया।


