Seraikela BJP News: भारतीय जनता पार्टी ने संगठन विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए हरे कृष्णा प्रधान को सरायकेला-खरसावां जिले का नया जिला अध्यक्ष नियुक्त किया है। शुक्रवार की शाम सरायकेला स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित औपचारिक कार्यक्रम के दौरान शाम 5:15 बजे उनके नाम की घोषणा की गई।
इस मौके पर चुनाव पर्यवेक्षक जटाशंकर पांडे और चुनाव प्रभारी अमर कुमार बावरी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। जैसे ही शीर्ष नेतृत्व की ओर से हरे कृष्णा प्रधान के नाम की घोषणा की गई, पार्टी कार्यालय ‘जय श्रीराम’ और ‘भारतीय जनता पार्टी जिंदाबाद’ के नारों से गूंज उठा। उत्साहित कार्यकर्ताओं ने नवनियुक्त जिला अध्यक्ष को फूल-मालाएं पहनाकर और मिठाई खिलाकर गर्मजोशी से स्वागत किया।
इस कार्यक्रम में केवल जिला अध्यक्ष की ही घोषणा नहीं हुई, बल्कि आदित्यपुर, आरआईटी, सरायकेला और राजनगर मंडल के अध्यक्षों और मंडल प्रतिनिधियों के नामों की भी आधिकारिक घोषणा की गई। इससे जिले में संगठनात्मक ढांचे को और अधिक मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
पदभार ग्रहण करने के बाद अपने संबोधन में हरे कृष्णा प्रधान ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनका मुख्य लक्ष्य जिले में भाजपा संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त बनाना है।उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पुराने और नए सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर पार्टी को मजबूत किया जाएगा, ताकि आने वाले समय की राजनीतिक चुनौतियों का एकजुट होकर सामना किया जा सके।


