Road Accident: जमशेदपुर से सटे मुसाबनी–हाता मुख्य मार्ग पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा सुरदा यूनियन बैंक शाखा के पास उस समय हुआ, जब सड़क किनारे खड़े एक हाइवा वाहन से तेज रफ्तार स्कूटी जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी सवार युवकों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कूटी सीधे खड़े हाइवा से जा भिड़ी, जिससे उस पर सवार तीन युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। चौथा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
मृतकों की पहचान गालूडीह थाना क्षेत्र के जगन्नाथपुर स्थित बांधडीह टोला निवासी रोहित कर्मकार, समीर कर्मकार और राजू गोप के रूप में की गई है। रोहित और समीर सगे भाई बताए जा रहे हैं, जिनकी एक साथ मौत से गांव और परिवार में मातम पसर गया है। इस हादसे की खबर मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, जहां चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि दुर्घटना के समय हाइवा किस परिस्थिति में सड़क किनारे खड़ा था। घायल युवक के बयान के आधार पर भी आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय लोग सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों पर सवाल उठा रहे हैं और प्रशासन से ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कदम उठाने की मांग कर रहे हैं।


