Rider Safety Strike: जमशेदपुर के बागबेड़ा स्थित बिलिनकिट स्टोर में काम करने वाले राइडरों ने शुक्रवार को अचानक हड़ताल कर दी। राइडरों का कहना है कि वे दिन-रात ग्राहकों तक सामान पहुंचाने के बावजूद खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर पा रहे हैं और लंबे समय से पे आउट बढ़ाने की मांग भी अनसुनी की जा रही है। स्टोर खासमहल मंडी गेट के सामने स्थित है, जहां पिछले कुछ समय से प्रबंधन और राइडरों के बीच तनाव बढ़ता जा रहा है।
राइडरों ने बताया कि दो दिन पहले जुगसलाई में एक राइडर के साथ छिनतई की घटना हुई थी, लेकिन स्टोर इंचार्ज ने इस पर कोई कार्रवाई नहीं की। राइडर बीरबल राम और मारुति ने कहा कि वे लगातार असुरक्षित माहौल में काम कर रहे हैं, लेकिन शिकायत उठाने पर उन्हें काम से निकालने की धमकी तक दी जाती है।
राइडरों का आरोप है कि कंपनी न पे आउट बढ़ा रही है और न ही समस्याओं पर ध्यान दे रही है। उनका कहना है कि गुड्स डिलीवरी जैसे जोखिमपूर्ण काम के बदले सही भुगतान नहीं मिल रहा है। इन्हीं मुद्दों को लेकर लगभग 100 राइडर एक साथ हड़ताल पर चले गए और काम को रोक दिया।
वहीं दूसरी ओर, स्टोर इंचार्ज ने राइडरों के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह मामला कंपनी स्तर का है और उनके पास ऐसे निर्णय लेने का अधिकार नहीं है। राइडरों ने इस बयान को जिम्मेदारी से बचने की कोशिश बताया और कहा कि वे समाधान आने तक काम पर नहीं लौटेंगे।


