Republic Day Jamshedpur: 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर सोमवार को जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित गोपाल मैदान में जिला स्तरीय मुख्य समारोह गरिमामय और अनुशासित वातावरण में आयोजित किया गया। सुबह ठीक 09:05 बजे उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी द्वारा राष्ट्रीय ध्वज का झंडोत्तोलन किया गया। जैसे ही राष्ट्रगान की धुन गूंजी, पूरा मैदान देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत हो गया।
ध्वजारोहण के उपरांत उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी और वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय ने संयुक्त रूप से परेड का निरीक्षण किया तथा सलामी ली। इस अवसर पर जैप-6, जिला पुलिस बल, गृह रक्षक एवं एनसीसी की टुकड़ियों ने बैंड की सुमधुर धुन पर आकर्षक और अनुशासित मार्च पास्ट प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
समारोह को संबोधित करते हुए उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने संविधान के मूल मूल्यों, लोकतंत्र की मजबूती और राष्ट्र निर्माण में नागरिकों की सक्रिय भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों, शहीदों एवं आंदोलनकारियों के त्याग और बलिदान को स्मरण करते हुए उन्हें नमन किया।
इस अवसर पर शहीदों और आंदोलनकारियों के परिजनों को मंच से सम्मानित किया गया। प्रशासन की इस पहल को उपस्थित जनसमूह ने सराहना के साथ स्वीकार किया, जिससे माहौल भावुक और गर्वपूर्ण बन गया।
कार्यक्रम को और अधिक आकर्षक बनाने के लिए जिला प्रशासन की ओर से विभिन्न विभागों की झांकियां प्रस्तुत की गईं, जिनमें सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को प्रभावशाली ढंग से दर्शाया गया। समारोह में प्रशासनिक पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, स्कूली छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक मौजूद रहे। सुरक्षा, स्वच्छता एवं पेयजल की समुचित व्यवस्था के चलते कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सफल रहा।


